Tuesday , April 23 2024
Breaking News

International Yoga Day: PM मोदी ने उत्तराखंड में योग कर सभी को दी योग दिवस की बधाई

Share this

नई दिल्ली। आज पूरी दुनिया में साल के सबसे लंबे दिन के साथ ही चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस बार योग दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के देहरादून में मनाया। आज जहां यहां के फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में पीएम मोदी ने 55 हजार लोगों के साथ योगासन किया। वहीं राजस्थान के कोटा शहर में बाबा रामदेव ने ढाई लाख लोगों के साथ योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देवभूमि से दुनियाभर के योग प्रेमियों को योग दिवस की बधाई दी। पीएम ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग इंसान के मन, मस्तिष्क और आत्मा को जोड़ता है और उसे शांति का अनुभव करवाता है।

उन्होंने कहा कि योग दुनिया को एकजुट करने वाली ताकत बन चुका है। दुनिया ने इसे अपनाया है और इसे हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाते हुए देखा जा सकता है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग वास्तव में आज दुनिया में एक जन आंदोलन बन चुका है। ये ही वजह है कि आज देहरादून से डबलिन तक, शिकागो से शंघाई तक, जकार्ता से जोहांसबर्ग तक योग ही योग है।

इतना ही नही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड दशकों से योग का केंद्र रहा है। यह भूमि हर किसी को आकर्षित करती है। मां गंगा की इस धरती पर, जहां चारधाम स्थित हैं और स्वामी विवेकानंद को इस धरती ने बारबार अकर्षित किया, यहां योग करना सौभाग्य की बात है।

साथ ही उन्होंने कहा कि जब तोड़ने वाली ताकतें बढ़ती हैं तो बिखराव आता है। ऐसे में योग शांति की अनुभूति कराता है। बिखराव के बीच योग जोड़ने का काम करता है। दुनिया में हर जगह सूर्य का स्वागत योग से हो रहा है। योग से परिवार, समाज,राष्ट्र में शांति का माहौल बनता है। योग व्यक्ति,समाज,राष्ट्र,विश्व और संपूर्ण मानवता को जोडता है।योग से विश्व बंधुत्व और ग्लोबल फ्रेंडशिप को नई ऊर्जा मिली है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि हिमालय से लेकर रेगिस्तान तक आज योग जीवन को समृद्ध कर रहा है। अपनी महान विरासत पर हम गर्व करें तो दुनिया भी गर्व करेगी। योग का दुनिया के सबसे ज्यादा देशों ने समर्थन किया। योग ऐसा प्रस्ताव था जिसे संयुक्त राष्ट्र में कम समय में मंजूरी मिली। आयुष मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए करीब 5000 आयोजन होंगे। इसके अलावा 150 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दिसंबर 2014 में घोषित किया था कि हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस दिन का महत्व इसलिए भी है कि 21 जून साल का सबसे लंबा दिन होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में पूरी दुनिया में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था।

Share this
Translate »