नई दिल्ली। सक्रिय राजनीति में प्रियंका गांधी बाड्रा की एंट्री के साथ ही उन पर बयानबाजी और हमलों का सिलसिला बखूबी जारी है। इसी क्रम में अब यूपी के बीजेपी सांसद हरीश द्विवेदी ने उनके पहनावे पर भी विवादित बयान दे डाला।
गौरतलब है कि द्विवेदी ने कहा कि प्रियंका जब दिल्ली में रहती हैं, तो जींस और टॉप पहनती है। जैसे ही प्रियंका क्षेत्र में जनता के बीच जाती हैं तो वह साड़ी और सिंदूर लगाकर आती हैं। दरअसल सांसद ने यह बयान बस्ती में आयोजित एक समारोह में दिया।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पहनावे पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने इस दौरान राहुल गांधी पर भी हमला बोला। सांसद ने कहा कि राहुल फेल हैं, तो प्रियंका भी फेल हैं।
हालांकि खबर मीडिया में चलने के बाद सांसद हरीश द्विवेदी ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि जो क्लिप चलाई जा रही वह सही नहीं है। जबकि ऐसा एक पत्रकार के ही सवाल के जवाब में कहा गया था। न कि मेरे द्वारा अपनी तरफ से। पत्रकार की ही बात रीपीट की थी कि इसे तो सभी जानते हैं।
ज्ञात हो कि किसी पत्रकार ने शनिवार को आईटीआई परिसर बस्ती में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से लौटते समय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पहनावे पर सवाल किया कि दिल्ली में जीन्स टॉप और यूपी में साड़ी पहनती हैं। इसका कितना असर पड़ेगा। राहुल और प्रियंका के चुनाव मैदान में आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
Disha News India Hindi News Portal