Thursday , August 6 2026
Breaking News

बेटियों की सुरक्षा में फेल होता प्रशासनिक अमला, फिर एक बेटी पर हुआ तेजाब से हमला

Share this

लखनऊ। देश के अहम सूबे उत्तर प्रदेश में हाल के कुछ दिनों में सिरफिरे किस्म के विक्षिप्त अपराधियों द्वारा बेटियों को निशाना बनाया जाना लगातार जारी है। इसी क्रम में आज मंगलवार को जनपद रायबरेली में कुछ अज्ञात बाइक सवार युवकों ने साइकिल से कोचिंग जा रही छात्रा पर तेजाब से हमला कर दिया। अचानक हुए इस एसिड अटैक से बुरी तरह झुलसी छात्रा सड़क पर गिरकर तड़पने लगी। वहीं बदमाश हमला कर फरार होने में कामयाब रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक जनपद रायबरेली में मंगलवार को साइकिल से कोचिंग जा रही लड़की पर पीछे से बाइक पर आ रहे दो बदमाशों ने तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए इस एसिड अटैक में झुलसी लड़की सड़क पर गिरकर तड़पने लगी। वहीं, बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आनन फानन में उक्त छात्रा को ऊंचाहार सीएचसी में उपचार हेतु पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

वहीं इस बाबत पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने मुंह ढक रखा था। बताया जाता है कि छात्रा ऊंचाहार थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान और जानकारी जुटाने में लग गई है। मामले की रपट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हमलावर जल्द ही गिरफ्तार कर लिये जायेंगे।

ज्ञात हो कि इस प्रकार के अपराधियों के हौसले अब इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि हाल ही में जनपद मथुरा में एक महिला सिपाही पर भी तेजाब से हमला किया जा चुका है। इस प्रकार की घटनाओं से जहां बेटियों और उनके परिवारीजन बेहद खौफजदा हैं। वहीं इस प्रकार के अपराधियों के खिलाफ कोई सख्त कारवाई न होने के चलते उनके हौसले दिन ब दिन बुलंद होते जा रहे हैं। 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Translate »