Saturday , April 20 2024
Breaking News

कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए ही केन्द्र सरकार कर रही काम- राहुल

Share this

रायबरेली। कांग्रेस अध्यक्ष एवं अमेठी के सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि केन्द्र सरकार कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए ही काम कर रही है,  जिसका किसानों से कोई वास्ता नहीं है। जबकि किसान परेशान है और उसकी कोई सुनने वाला नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे गांधी ने सलोन कस्बे मे जनसभा में कहा कि केन्द्र सरकार विवाद खड़ा करने के अलावा कोई काम नहीं कर रही है। किसानों की जमीन छीन कर कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को दे रही है। उन्होंने कहा कि सही मायने में मोदी सरकार दस 15 उद्योगपतियों की ही सरकार हैं जिसका किसानों से कोई वास्ता नहीं है।

गांधी ने प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर लंबी चौड़ी बाते करने के अलावा कोई काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दोनों को किसानों और युवाओं को मूर्ख बनाने की महारत हासिल है। आलू किसानों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को उचित मूल्य दिलाने मे प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि अमेठी के साथ केन्द्र सरकार का सौतेला व्यवहार ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है, उनकी सरकार बनने पर यहां फूड पार्क जरूर बनेगा।

जनसभा को संबोधित करने के बाद गांधी नगर पंचायत सलोन की बोर्ड बैठक में भी शामिल हुए। बैठक के दौरान 2011 की जनगणना के आधार पर बजट उपलब्ध कराये जाने पर गांधी ने कहा कि मौजूदा जनगणना के आधार पर बजट उपलब्ध कराने के बारे मे वे प्रदेश सरकार से बात करेगें। इससे पूर्व लखनऊ से सलोन जाते समय मोहनलालगंज, निगोहा, बछरांवा हरचन्दपुर और रायबरेली शहर में राहुल गांधी को फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत हुआ। रायबरेली की सीमा चुरूवा पर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर मे दर्शन भी किये।  बोर्ड की बैठक के बाद राहुल गांधी परशदेपुर होते हुए अमेठी के लिए रवाना हो गये। राहुल गांधी का स्वागत करने वालों मे सांसद प्रमोद तिवारी, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह जिलाध्यक्ष वी के शुक्ला, सईदुल हसन सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Share this
Translate »