Friday , March 29 2024
Breaking News

राहुल बोले-देश के लिए आज तीन चुनौती हैं भारी, किसान की हालत, महंगाई और बेरोजगारी

Share this

अमेठी। देश के सबसे बड़े और अहम सूबे में अपने दो दिवसीय प्रवास पर पहुचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि मौजूदा वक्त में देश के सामने बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की हालत सबसे बड़ी चुनौती है। इसलिए देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिये इनसे सबसे पहले निजात पाना होगा।

गौरतलब है कि दो दिन के दौरे पर बुधवार को अमेठी पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष ने फुरसतगंज में कार्यकतार्ओं को संबोधित करते हुये कहा कि देश के सामने तीन सबसे बड़ी चुनौतिया खड़ी है। युवाओं को रोजगार नही मिल पा रहा है। किसानों की हालत ठीक नही है। महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ रही है।

उन्होने कहा कि पहले अमेरिका सुपर पावर हुआ करता था। आज अमेरिका के सामने चाइना खड़ा हो गया है। वहीं भारत दुनिया की तीसरा सबसे शक्तिशाली देश है। देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिये बेराजगारी, महंगाई तथा किसानों की हालत सुधारनी होगी।

इसके साथ ही उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुये कहा, ‘नफरत फैलाने से देश आगे नही बढ़ेगा। सबको साथ लेकर चलना होगा। कांग्रेस समाज को जोड़ने और भाईचारा बढाने का काम करती है, वहीं आरएसएस और भाजपा तोड़ने का काम और समाज में नफरत फैलाने का काम करती हैं।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नीतियों के तहत चलती है।

वहीं आज इससे पहले अमेठी दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी का लखनऊ एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल वहां से सीधे अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी रवाना हो गए। उनके के स्वागत के लिये सुबह से ही चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर कांग्रेस नेताओं की भारी भीड़ थी।

इस दौरान जहां खुद प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर वहां मौजूद थे। वहीं उनके अलावा पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व सांसद अन्नू टंडन, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, एम एल सी दीपक सिंह,प्रवक्ता के के पांडे, ब्रिजेन्द्र सिंह आदि कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत करने वालों में शामिल थे।

वहीं इस बाबत जिलाध्यक्ष योगेन्द्र मिश्र ने बताया कि गुरुवार को राहुल गांधी तालाखजुरी के पास मुकुटनाथ इंटर कालेज में किसानों के साथ चौपाल करेंगे। नरैनी गांव जाकर शहीद जवान अनिल मौर्या के परिजनों से मुलेंगे। अपराह्न तीन बजे राहुल दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Share this
Translate »