Tuesday , November 11 2025
Breaking News

बेखौफ वन तस्करों ने वन रेंजर को मारी गोली

Share this

लखनऊ। प्रदेश में बेलगाम और बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद है कि उन्होंने जनपद गोरखपुर में वन विभाग के वन रेंजर डीएन पाण्डेय को गोली मार दी। पेड़ों की कटान की सूचना पर रेंजर तस्करों को रोकने पहुंचे थे। तस्कर वन विभाग की टीम पर भारी पड़े। जख्मी वन रेंजर को बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक वारदात शुक्रवार की रात गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र में हुई। हालांकि मुठभेड़ की सूचना के बाद एसएसपी शलभ माथुर के निर्देश पर पुलिस ने वन तस्करों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वनों के अवैध कटान के लिए काफी संख्या में वन तस्कर सक्रिय हैं।

गौरतलब है कि खोराबार क्षेत्र में शुक्रवार को पेड़ों की अवैध कटान की सूचना मिली। सूचना पाकर डिप्टी रेंजर डीएन पांडेय अपने साथ एक फारेस्ट गार्ड, वाचर और अन्य कर्मचारियों के साथ जंगल पहुंचे। पेड़ों का कटान कर रहे तस्करों को उनके आगमन की जानकारी हो गई थी।

जिस पर बौखलाये वन तस्करों ने वन कर्मियों पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में डिप्टी रेंजर के सीने में दाहिने तरफ गोली लगी। गोली मारने के बाद तस्कर फरार हो गए। वनकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक लग्जरी जायलो कार, दो बाइक के साथ तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Share this
Translate »