Thursday , April 25 2024
Breaking News

कासगंज में दो पक्षों के संघर्ष में एक मौत, कई घायल

Share this

लखनऊ। प्रदेश के कासगंज जिले में गणतंत्र दिवस पर विश्व हिंदू परिषद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ‘एबीवीपी’ के कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गयी बाइक रैली पर पथराव, आगजनी और फायरिंग के बाद न सिर्फ हालात तनावपूर्ण हो गये हैं। बल्कि इस दौरान एक युवक की मौत हो जाने समेत इस फायरिंग में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

अपर पुलिस महानिदेशक ‘कानून व्यवस्था’ आनंद कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक कासगंज नगर कोतवाली क्षेत्र के मथुरा-बरेली राजमार्ग के बिलराम गेट चौराहे पर विहिप और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर रैली निकालते समय एक वर्ग के लोगों ने पथराव किया। जिस पर दो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और नारेबाजी को लेकर हुई तकरार में दोनों तरफ से पथराव हुआ।

बताया जाता है कि पथराव के बाद हुई आगजनी और फायरिंग में चंदन नामक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। गुस्साई भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की। अलीगढ़ मंडल के पुलिस महानिरीक्षक ‘आईजी’ संजीव गुप्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर रैली निकालते समय कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया।

आसपास के जिलों से फोर्स मंगायी गयी है। उन्होंने बताया कि नगर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। स्थिति तनावपूर्ण किन्तु नियंत्रण में है। आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अजय आनंद ने बताया कि कासगंज में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। शांति बनाए रखने के लिए कोशिश जारी है। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, रैपिड एक्शन फोर्स तथा पीएसी के जवान पहुंच गए हैं। वहीं अजय आनंद कहा कि जिन लोगों ने भी अराजकता फैलाई है, उन्हें पहचानकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने हालात पर काबू पा लिया है।

 

Share this
Translate »